भोपाल: मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनकी सरकार के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का अभिनय करने वाले व्यक्ति को कुंभकरण की तरह सुलाकर बीन बजाकर उठाने की कोशिश की। यह प्रदर्शन सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। कांग्रेस का आरोप है कि मध्य प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही। पार्टी का कहना है कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की परेशानियों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक व्यक्ति को मुख्यमंत्री के रूप में कुंभकरण की तरह सुला दिया। उसके चारों ओर कार्यकर्ता बैठे और बीन बजाकर जगाने की कोशिश करने लगे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर निशाना साधते हुए जनता के मुद्दों पर ध्यान देने की अपील की। यह अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने लायक था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने इस प्रदर्शन का वीडियो ट्विटर (X) पर साझा किया। उन्होंने लिखा- “आज मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार जी के नेतृत्व में, जनहित के मुद्दों की ओर पीठ करके, चैन की नींद सो रही भारतीय जनता पार्टी की सरकार को जगाने की कोशिश की!” कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार सिर्फ सत्ता के मजे ले रही है, जबकि जनता की परेशानियों को अनदेखा किया जा रहा है।
बीजेपी नेताओं ने इस प्रदर्शन को ‘राजनीतिक नाटक’ बताया। उनका कहना है कि CM Mohan Yadav सरकार जनता के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।बीजेपी नेताओं ने तंज कसते हुए कहा कि असल में कांग्रेस खुद गहरी नींद में सो रही है और जनता के मुद्दों पर राजनीति कर रही है।
