छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम छुई में एक 26 वर्षीय युवक की गुप्ती मारकर हत्या कर दी गई। मामला पुरानी रंजिश का था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। दिनांक 11 अगस्त 2025 की रात करीब 11:45 बजे, मृतक रंजीत उर्फ करन भारती (उम्र 26 वर्ष) को उसके घर के दरवाजे पर बुलाकर धारदार हथियार से वार किया गया। सीने में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीड़ित के पिता जीतलाल भारती ने थाना अमरवाड़ा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज कराया।
जांच और पुलिस कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक निवेदिता गुप्ता एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता के निर्देशन में, अमरवाड़ा SDOP कल्याणी बरकड़े और थाना प्रभारी राजेन्द्र धुर्वे की टीम ने तेजी से सुराग जुटाए। जांच में पता चला कि 7 अगस्त 2025 को मोटरसाइकिल दुर्घटना को लेकर मृतक और आरोपियों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गुप्ती (धारदार हथियार), मोटरसाइकिल और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी
- सुमर यादव (उम्र 30 वर्ष) निवासी छुई
- अतर सिंह उर्फ छोटू यादव (उम्र 26 वर्ष)
- आकाश यादव (उम्र 19 वर्ष)
- निहाल मालवीय (उम्र 19 वर्ष) — तीनों निवासी लकड़ाई जम्होडी (कुंडीपुरा)
पुलिस टीम की भूमिका
थाना प्रभारी राजेन्द्र धुर्वे के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विजेन्द्र मार्को, राघवेन्द्र उपाध्याय, पंकज राय, सउनि करतार सिंह बघेल सहित पुलिस स्टाफ और सायबर सेल की टीम ने अहम भूमिका निभाई।
