छिंदवाड़ा/परासिया: छिंदवाड़ा जिले में जहरीले कफ सिरप से मासूमों की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। श्रीसन फार्मा के डायरेक्टर और मुख्य आरोपी रंगनाथन गोविन्दन को भारी सुरक्षा के बीच परासिया कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे 10 दिन की SIT रिमांड पर भेजने का आदेश दिया। SIT टीम आरोपी को चेन्नई से विमान के जरिए नागपुर लाई और फिर सड़क मार्ग से परासिया थाने लाया गया। यहां कई घंटों तक पूछताछ चली। पीड़ित परिवार भी थाने पहुंचे और आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
जब आरोपी रंगनाथन को कोर्ट में पेश किया गया, तो वहां मौजूद परिजनों और आम जनता ने “फांसी दो फांसी दो” के नारे लगाए। कोर्ट परिसर में भारी आक्रोश देखने को मिला। पेशी के दौरान रंगनाथन ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि “मेरी दवाइयां तीन राज्यों में सप्लाई होती हैं, मुझे फंसाया जा रहा है” और बीमारी का हवाला देकर राहत मांगी। उसने चेन्नई से अपना वकील बुलाने की बात कही। रिमांड अवधि में SIT यह जांच करेगी कि कफ सिरप में जहरीले केमिकल की सप्लाई कहां से हुई, इस साजिश में और कौन-कौन शामिल है और लापरवाही या जानबूझकर मिलावट का क्या एंगल है।
- जहरीले कफ सिरप कांड का आरोपी रंगनाथन कोर्ट में पेश
- भारी सुरक्षा के बीच आरोपी को परासिया लाया गया
- कोर्ट ने आरोपी को 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा
- कोर्ट परिसर में लगे नारे – “बच्चों के हत्यारे को फांसी दो”
- आरोपी ने कहा – “मैं निर्दोष हूं, मेरी दवा तीन राज्यों में सप्लाई होती है”
- SIT ने चेन्नई से नागपुर और फिर सड़क मार्ग से लाया आरोपी
- रिमांड में SIT करेगी केमिकल सप्लाई चेन और साजिश की जांच
