विदिशा, 29 दिसंबर 2024: भोपाल से बीना और बीना से भोपाल रूट पर चलने वाली मेमू/पैसेंजर ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से बंद किए जाने के निर्णय के खिलाफ आज विदिशा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने विरोध प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे बड़ी संख्या में लोग स्टेशन पर एकत्र हुए और रेलवे प्रशासन को केंद्रीय मंत्री एवं मध्यपद्रेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम सामूहिक ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान मौजूद अमित शर्मा ने बताया कि— “भोपाल मंडल द्वारा लिया गया यह निर्णय यात्रियों की दैनिक आवाजाही और रोजगार को प्रभावित करेगा। यह ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए बेहद असुविधाजनक है। हमारी मांग है कि रेलवे प्रशासन जल्द से जल्द इस निर्णय को वापस ले।”
ज्ञापन सौंपने का उद्देश्य इस अस्थायी बंदी से प्रभावित यात्रियों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखना था। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने यात्रियों के अधिकारों की अनदेखी पर नाराजगी जताई और मांग की कि इस फैसले पर पुनर्विचार किया जाए। डॉ. शर्मा ने यह भी बताया कि यदि प्रशासन ने समय पर कार्रवाई नहीं की, तो विरोध को और व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित के इस मुद्दे पर सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।
यात्रियों की प्रमुख मांगें:
मेमू/पैसेंजर ट्रेनों का संचालन जल्द से जल्द पुनः शुरू किया जाए।
यात्रियों की असुविधाओं को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जाएं।
भविष्य में ऐसे निर्णय लेने से पहले आम जनता से विचार-विमर्श किया जाए।
ज्ञापन स्वीकार करते हुए रेलवे अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
