Indore Cobra Viral Video: मध्यप्रदेश के इंदौर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां पुलिस कॉन्स्टेबल संतोष चौधरी की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह एक घर में घुसे कोबरा सांप को पकड़ने पहुंचे थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि जैसे ही कांस्टेबल ने खिड़की से सांप को पकड़ने की कोशिश की, तभी कोबरा ने अचानक उनके हाथ पर काट लिया।
जानकारी के अनुसार, इंदौर के एक घर में कोबरा सांप घुस आया था। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और कांस्टेबल संतोष चौधरी, जो पिछले 17 सालों से सेवा में थे, मौके पर पहुंचे। वीडियो में देखा जा सकता है कि चौधरी जैसे ही खिड़की के पास जाकर सांप को पकड़ने लगे, तभी कोबरा ने तेज़ी से उनके हाथ पर वार कर दिया। उस समय मौके पर मौजूद लोग हंसते हुए नज़र आए और कहते सुने गए – “काट लिया… काट लिया।”
सांप के काटने के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। इस पूरी घटना का वीडियो वायरल हो गया है। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को देखकर हैरान हैं और लगातार श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
