Swadesh Jagran Rally vidisha

विदिशा में स्वदेशी संकल्प यात्रा वाहन रैली, सैकड़ों वाहनों के साथ गूंजे देशभक्ति गीत

विदिशा, 29 दिसंबर 2025। कान्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) एवं स्वदेशी जागरण मंच, विदिशा के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को स्वदेशी संकल्प यात्रा वाहन रैली का आयोजन किया गया। सैकड़ों वाहनों के साथ निकली इस रैली में देशभक्ति गीत गूंजते रहे और बड़ी संख्या में व्यापारी व शहरवासी शामिल हुए। यह यात्रा कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया एवं राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल (सांसद, चांदनी चौक) के देशव्यापी आह्वान पर आयोजित की गई।

कैट के जिलाध्यक्ष रवि तलरेजा ने बताया कि स्वदेशी ही आत्मनिर्भर भारत का मूल मंत्र है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार प्रोत्साहित कर रही है। स्वदेशी संकल्प यात्रा के विदिशा आगमन पर व्यापारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने स्वदेशी वस्तुओं को खरीदने और बेचने की शपथ ली। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में वरिष्ठ उद्योगपति राकेश शर्मा, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष राजेश जैन, राजकुमार सराफ, नरेंद्र सोनी, मनमोहन शर्मा, अनाज तिलहन संघ अध्यक्ष राधेश्याम महेश्वरी सहित अनेक व्यापारी शामिल रहे।

स्वदेशी संकल्प की शपथ स्वदेशी जागरण मंच के विभाग संयोजक महिपाल सिंह राजपूत एवं विदिशा चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के महामंत्री हृदय सोनी द्वारा दिलवाई गई। इसके पश्चात सहभागियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए जिलेवासियों से स्वदेशी अपनाने का आग्रह किया।

स्वदेशी संकल्प शपथ माधवगंज में ली गई, जिसके बाद विशाल वाहन रैली माधवगंज से मेन रोड, निकास रोड, तिलक चौक, बड़ा बाजार और बास्कुली होते हुए नीमताल पर संपन्न हुई। रैली में विदिशा चैंबर्स ऑफ कॉमर्स, कैट एवं अन्य व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी व सदस्य शामिल हुए। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर कैट टीम के कोषाध्यक्ष नीलेश अग्रवाल, सह-कोषाध्यक्ष करतार सिंह धाकड़, आईटी प्रमुख दिलीप जौहरी, उपाध्यक्ष कमलेश गर्ग सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी व्यापारियों एवं शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। उपरोक्त जानकारी विदिशा चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रवि तलरेजा ने दी।

Back To Top