Mandsaur News: मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले से किसान आंदोलन जैसी तस्वीरें सामने आई हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें किसान अपनी खराब हो चुकी सोयाबीन की फसल को आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र का है। किसान अधिकार नामक अकाउंट से शेयर किए गए इस वीडियो को अब तक हजारों लोग देख चुके हैं और इस पर लगातार प्रतिक्रियाएँ आ रही हैं। दलित आईटी सेल नामक अकाउंट ने लिखा – “किसान रोज मर रहा है इस निकम्मी सरकार के कार्यकाल में। किसान खेत पर जाता है लेकिन फसल के दाम देखकर रोज मरने की सोचता है, क्योंकि किसान के पास फसल ही सबकुछ है।”
जानकारी के मुताबिक, मल्हारगढ़ के किसान काचरिया चंद्रावत की सोयाबीन की फसल पिलामोजेक बीमारी और अफलन (फूल गिरने की समस्या) से पूरी तरह चौपट हो गई। निराश होकर किसान ने अपनी फसल को आग के हवाले कर दिया। इस घटना को पराली जलाने पर लगने वाले जुर्माने और किसानों की अनदेखी के खिलाफ विरोध स्वरूप कदम बताया जा रहा है। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या सोयाबीन फसल के नुकसान का मुआवजा और बीमा किसान को मिलेगा?
- मंदसौर में किसान ने जलाई सोयाबीन की फसल
- मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र का वीडियो वायरल
- पिलामोजेक बीमारी और अफलन से चौपट हुई फसल
- सोशल मीडिया पर सरकार पर उठे सवाल
- मुआवजा और बीमा को लेकर किसान में आक्रोश
