स्वच्छता रखने घंसौर बीईओ ने लगाई ड्यूटी

Cleanliness Campaign

सिवनी। जिले के घंसौर जनपद शिक्षा केंद्र में जारी किया गया एक आदेश खूब सुर्खियां बटोर रहा है। दरअसल जनपद शिक्षा केन्द्र मे पदस्थ बीईओ मनीष मिश्रा ने सरकारी दफ्तरों मे स्वच्छता का संदेश देने के लिए जनपद शिक्षा केन्द्र के सरकारी दफ्तर की सफाई के लिए स्वयं समेत सभी कर्मचारियों की साप्ताहिक ड्यूटी लगा दी है। इस बात से किसी भी कर्मचारी को एतराज न हो इसलिए बीईओ स्वयं हफ्ते की शुरुआत में कार्यालय के भृत्य के साथ मिलकर कार्यालय और कार्यालय के शौंचालय की साफ सफाई करेंगे। इसके बाद फिर पूरे सप्ताह भर प्रति दिन एक कर्मचारी इसी तरह पूरे परिसर की साफ सफाई के कार्य को अंजाम देगा।

कोई कर्मचारी अपनी यह जिम्मेदारी न भूले इसलिए कार्यालय में ड्यूटी चार्ट के तौर पर इस आदेश की कापी को चस्पा किया गया है। यही नहीं यदि इस आदेश के बाद भी अगर कोई कर्मचारी सफाई को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतता है तो उस पर कार्रवाई भी की जायेगी।

बीईओ का कहना है सरकारी दफ्तरो की साफ सफाई अमूमन बिलकुल भी ठीक नहीं होती है। इस लिए सरकारी दफ्तरो के कर्मचारियो को साफ सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए ही यह कदम उठाया गया है।