बिरसिंहपुर पाली। शासन प्रशासन के कुछ अधिकारी अपने कर्तव्य और संवेदनशीलता से मिसाल बन जाते हैं। ऐसा ही एक उदाहरण देखने को मिला पाली अनुविभाग में, जहां अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अंबिकेश प्रताप सिंह ने बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में खुद मोर्चा संभालते हुए अपने हाथों से सब्बल उठाकर राहत कार्य प्रारंभ किया।
लगातार हो रही भारी बारिश के चलते शहडोल जिले से लगे ग्राम बड़बही में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी। सूचना मिलते ही एसडीएम अंबिकेश प्रताप सिंह ने सुबह से ही क्षेत्र भ्रमण प्रारंभ किया और मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया।
मानवीय पहल से संकट टला
गांव में बारिश का पानी कई घरों में घुसने लगा था। इस संकट को देखकर एसडीएम ने प्रतीक्षा किए बिना खुद सब्बल उठाकर जल निकासी की दिशा में कार्य शुरू कर दिया। देखते ही देखते ग्रामीणों का हुजूम इकट्ठा हो गया और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचने लगे।
पुल निर्माण का लिया तत्काल निर्णय
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बने पुराने पुल से पानी की निकासी नहीं हो पा रही थी, जिसके कारण पानी रुककर बस्तियों में घुस रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने नया पुल निर्माण कार्य तुरंत शुरू कराने के निर्देश दिए, जिससे पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सकी।
भूमि विवाद का भी किया समाधान
इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 14 में नाली निर्माण कार्य भूमि विवाद के कारण रुका हुआ था। एसडीएम अंबिकेश प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर विवाद सुलझाया और तत्काल नाली की सफाई व जल निकासी कार्य प्रारंभ करवाया।
लगातार 10 घंटे तक निभाई ज़िम्मेदारी
भीगते पानी और कठिन परिस्थितियों के बीच लगातार 10 घंटे तक कार्य कर एसडीएम ने प्रशासनिक कर्तव्य के साथ मानवीय सेवा की एक मिसाल पेश की। उनकी इस कार्यशैली की स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों द्वारा हर ओर सराहना की जा रही है।
