विदिशा: विदिशा जिले के ग्राम ओलिंजा में श्रीकालभैरव भगवान की प्राणप्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन का संयोजन कुशवाह परिवार एवं ग्रामवासियों द्वारा किया गया है। आयोजकों के अनुसार, इस कथा का वाचन प्रसिद्ध कथाव्यास जगदीश नारायण स्वामी द्वारा किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित होकर आध्यात्मिक लाभ ले रहे हैं। भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन किया जा रहा है, जिससे भक्तगण भक्ति रस में सराबोर हो रहे हैं। इस आयोजन के सफल संचालन में ग्राम के प्रमुख सदस्य सचिव प्रीतम सिंह कुशवाह, तोरन सिंह कुशवाह एवं दयाराम कुशवाह का विशेष योगदान रहा है। आयोजन में पूरे ग्रामवासियों का उत्साह एवं सहयोग देखने को मिल रहा है। ग्रामवासियों का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आध्यात्मिक विकास को बल मिलता है।
