CM शिवराज बोले, चीन में चीनी भाषा में पढ़ाई तो यहां हिंदी में क्यों नहीं?

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने हिंदी दिवस के अवसर पर वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिए अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। अपने संबोधन में सीएम शिवराज ने हिंदी भाषा में पढ़ाई पर जोर दिया। शिवराज बोले जब जब चीन में चीनी भाषा में, जर्मनी में जर्मन और जापान में जापानी भाषा में पढ़ाई हो सकती है तो भारत और मध्य प्रदेश में हिन्दी में पढ़ाई क्यों नहीं हो सकती ? मुख्यमंत्री बोले कि मध्यप्रदेश में हमने हिन्दी भाषा में कैसे सब विषयों की पढ़ाई हो इसके लिए प्रयास किए, इसलिए हिन्दी विश्वविद्यालय की स्थापना कराई गई।

इस दौरान मप्र राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि हिन्दी में हर भाषा और बोली को अपने में समाहित करने की क्षमता है। हिन्दी भाईचारे और अपनत्व का पाठ पढ़ाती है। हिन्दी हिदुस्तान की आत्मा और स्वाभिमान है। हिन्दी एक भाषा ही नहीं है ये भारतीय संस्कृति की संवाहक भी है।

सीएम शिवराज बोले –

श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी ऐसे राजनेता थे, जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र संघ में हिंदी में भाषण देकर पूरे हिंदुस्तान का सम्मान बढ़ाया था। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री ने हिंदी की प्रतिष्ठा को पूरी दुनिया में स्थापित किया है।

हिंदी भारत माता के माथे की बिंदी है, निज भाषा की उन्नति में ही सारी उन्नति समाहित है। हिंदी पूरी दुनिया में बोली जाने वाली तीसरी सबसे बड़ी भाषा है। हिंदी हमें जोड़कर रखती है, यह बेहद समृद्ध भाषा है।

You May Also Like

More From Author